चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत; 12 घायल

चित्रकूट। दीपावली पर मेला देखने और पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार देर रात चित्रकूट के रामनगर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे, जो दीपावली का मेला देखने के बाद रीवा और प्रयागराज लौट रहे थे।
हादसा रविवार रात करीब 2:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मऊ तहसील के रामनगर कस्बे में रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नहर के पास हुआ। बताया गया कि चलते ट्रैक्टर से ट्रॉली जोड़ने वाला हुक अचानक निकल गया। इससे ट्रैक्टर करीब 50 मीटर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। उसमें सवार लोग नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर घायलों को निकाला
हादसे के बाद कुछ महिलाएं किसी तरह ट्रॉली से बाहर निकलीं और पास की बस्ती में पहुंचकर मदद मांगी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
रीवा का एक और प्रयागराज के 3 श्रद्धालुओं की मौत
मृतकों की पहचान रीवा के शिववास (7), प्रयागराज के त्रिवेणी (40), नन्हें (6) और राधे कृष्ण (52) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, मृतकों में एक रीवा जिले के मझिगवां थाना क्षेत्र के चाकघाट और 3 प्रयागराज के ऊंचागांव के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, रीवा और प्रयागराज के 25 लोग रविवार शाम चित्रकूट में दीपावली मेले में आए थे। पूजा-पाठ के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर पर 5 और ट्रॉली में बच्चों सहित 20 लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलने पर डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे। सीएमओ महेंद्र त्रिपाठी ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे की जांच की जा रही है।













