बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पराली जलाने पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, किसान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन कर खेत में धान की पराली जलाने पर कोतवाली बैढ़न में प्रकरण पंजीबद्ध

सिंगरौली। जिले में फसल अवशेष जलाने पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम नौगढ़ में खेत में धान की पराली (पैरा) जलाने के मामले में कृषक बृजेन्द्र वैश्य, पिता शालिकराम वैश्य के विरुद्ध थाना कोतवाली बैढ़न में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223(बी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

 

तहसीलदार, तहसील सिंगरौली नगर के प्रतिवेदन एवं हल्का पटवारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित किसान के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 1497/2026 पंजीबद्ध किया गया है। पराली जलाने की उक्त घटना 11 नवंबर 2026 की शाम की बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला दंडाधिकारी सिंगरौली द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के अंतर्गत 2 नवंबर 2026 को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। इसके तहत संपूर्ण जिले में खेतों में फसलों की नरवाई एवं धान की पराली जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

साथ ही हार्वेस्टर से धान की कटाई के दौरान सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS कटर) का उपयोग अनिवार्य किया गया है। जिला प्रशासन ने किसानों से प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करने तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की अपील की है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button