आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है छठ महापर्व

सिंगरौली। लोकआस्था, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से प्रारंभ हो रहा है। इस दौरान 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन.पी. मिश्र, महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर वैढ़न ने पर्व के धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छठ पूजा प्राचीन सूर्योपासना परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व में व्रती संतान की सुख-समृद्धि, परिवार के कल्याण और आरोग्यता की कामना के साथ कठिन नियमों का पालन करते हैं। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ अनुष्ठान शुरू होगा। इस दिन स्नान, घर और पूजा स्थल की सफाई के बाद सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। 14 नवंबर को खरना होगा। शाम को पूजा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
15 नवंबर को तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ व्रत पूर्ण होगा।
डॉ. मिश्र ने कहा कि छठ पर्व अस्त और उदय दोनों अवस्थाओं में सूर्य के प्रति सम्मान तथा प्रकृति के प्रति आभार का संदेश देता है। यह जाति-वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और समरसता का उदाहरण है।उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने तथा प्रशासन से प्रकाश, पेयजल, यातायात, चिकित्सा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने की अपील की।













