बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

25 वर्षीय विमलेश की मौत के बाद इलाज पर सवाल, देवसर के निजी क्लिनिक की जांच की मांग

 

सिंगरौली/देवसर। 25 वर्षीय विमलेश कुमार शुक्ला की उपचार के दौरान मौत के बाद देवसर बाजार स्थित आस्था क्लिनिक में हुए शुरुआती इलाज को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले बीमारी के दौरान कराए गए शुरुआती उपचार से उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार बिगड़ती गई। हालांकि, इलाज में लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमलेश कुमार शुक्ला (25), पिता स्वर्गीय जयप्रकाश शुक्ला, की करीब एक माह पहले तबीयत खराब हुई थी। परिजनों ने देवसर बाजार के आस्था क्लिनिक में कई दिनों तक उनका उपचार कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बैढ़न लाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा और सतना के बिरला अस्पताल तक ले जाया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति नहीं सुधरी और शुक्रवार को बैढ़न स्थित सिंगरौली हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शुरुआती इलाज की जांच की मांग

विमलेश के परिजनों ने आस्था क्लिनिक में हुए उपचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने उपचार करने वाले व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता, क्लिनिक के संचालन की अनुमति, दी गई दवाइयों और इलाज से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराए जाने की मांग उठाई है।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में निजी क्लिनिकों के पंजीयन और चिकित्सकीय योग्यता की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विमलेश के बड़े भाई विवेक शुक्ला ने भावुक संदेश के जरिए मौत की सूचना साझा करते हुए परिवार का साथ देने वाले बिजौरा क्षेत्र के समाजसेवियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।

Author

Related Articles

Back to top button