छठ घाटों पर सुरक्षा का जायजा लेने उतरे पुलिस अधिकारी, भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए दिए निर्देश

सिंगरौली। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सिंगरौली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने जिले के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अमलोरी, निगाही, दनवा बाबा, सीडब्ल्यूएस कॉलोनी जयंत, बीटीसी जयंत और लेक पार्क विंध्यनगर सहित विभिन्न घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान घाटों तक पहुंच मार्ग, पार्किंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखने तथा यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा संकेतक लगाने को कहा गया। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएसपी विंध्यनगर हेमंत कुमार, नवानगर थाना प्रभारी राजेंद्र पाठक, विंध्यनगर थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, जयंत चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा करने, गहरे पानी में जाने से बचने और बच्चों-बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल-112 या नजदीकी पुलिसकर्मी से संपर्क करने को कहा गया है।













