छठ महापर्व से पहले एनटीपीसी विंध्यनगर में घाट की तैयारियां तेज, सफाई और सौंदर्यीकरण का काम अंतिम चरण में

विंध्यनगर। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए एनटीपीसी विंध्यनगर प्रबंधन ने छठ घाट की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तालाब की सफाई, घाट की रंगाई-पुताई और आसपास के परिसर को व्यवस्थित किया जा रहा है।
एडिशनल जनरल मैनेजर श्री वेंकट के निर्देश पर संबंधित फर्म के कार्यदायी अधिकारियों और कर्मचारियों ने छठ घाट का निरीक्षण कर अब तक हुए कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें महापर्व से पहले शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंधन का उद्देश्य पर्व से पूर्व घाट की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।













