देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

रामलीला मैदान में 50 हजार से अधिक की भीड़ पर रोक का प्रस्ताव, दिल्ली पुलिस ने तैयार किया एसओपी का ड्राफ्ट

 

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन, रैली और सार्वजनिक सभाओं के आयोजन को लेकर दिल्ली पुलिस ने नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का मसौदा तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार, मैदान में एक समय में अधिकतम 50 हजार लोगों को जुटाने की अनुमति दी जा सकेगी। कार्यक्रमों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित करने का प्रस्ताव भी है।

हालांकि, किसी आयोजन में वास्तविक रूप से कितने लोगों को अनुमति मिलेगी, इसका फैसला कार्यक्रम की प्रकृति, संभावित भीड़ और सुरक्षा इंतजामों के आधार पर सक्षम अधिकारी करेंगे।

जंतर-मंतर के बाद तीन वैकल्पिक स्थल

यह पहल जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के स्थल के रूप में हटाकर तीन वैकल्पिक स्थान तय करने के दिल्ली पुलिस के अक्टूबर के फैसले के बाद सामने आई है। इनमें रामलीला मैदान के अलावा बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान शामिल हैं।

10 दिन पहले करना होगा आवेदन

प्रस्तावित एसओपी के अनुसार, आयोजकों को पुलिस से अनुमति मांगने से पहले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से मैदान की उपलब्धता की पुष्टि करानी होगी। सामान्य तौर पर कार्यक्रम के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना अनिवार्य होगा। भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, यातायात समन्वय, प्रवेश-निकास मार्ग और आपातकालीन रास्तों को बाधामुक्त रखने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।

हथियार और ज्वलनशील वस्तुओं पर रोक

कार्यक्रम स्थल पर ज्वलनशील पदार्थ, तलवार, भाले, नुकीली वस्तुएं और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मैदान और आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए भी पूर्व अनुमति जरूरी होगी। आयोजकों को पेयजल, चिकित्सा सहायता, सफाई और कचरा निपटान की व्यवस्था करनी होगी।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एसओपी का मसौदा मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। फिलहाल यह शुरुआती चरण में है। सक्षम अधिकारियों की जांच और आवश्यक मंजूरियों के बाद इसे अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button