खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, खंडवा-बुरहानपुर समेत कई जिलों में महसूस हुए झटके
सुबह 9:15 बजे कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग; फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं

खरगोन। मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 9:15 बजे धरती कांपने से खरगोन में लोग घरों से बाहर निकल आए। खंडवा और बुरहानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई।
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप 14 नवंबर को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर दर्ज किया गया। इसका केंद्र खरगोन क्षेत्र में 21.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
खंडवा से 88 किलोमीटर दूर था केंद्र
कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता के अनुसार, भूकंप का केंद्र खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर खरगोन के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में था। यह स्थान धार जिले के धामनोद से लगभग 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से करीब 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। विशेषज्ञों ने अगले 2 से 3 दिन सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई इलाकों में घरों से बाहर निकले लोग
खरगोन के अलावा खंडवा और बुरहानपुर के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए गए। अचानक हुए कंपन से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं भूकंप
मालवा-निमाड़ क्षेत्र में पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। 21 जून 2024 को खंडवा में 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसके बाद 12 सितंबर 2025 को 3.0 तीव्रता के झटके आए थे। वहीं, 4 जून 2025 की रात खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर में 3.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था।













