होर्मुज जलडमरूमध्य में 2 तेल टैंकरों में विस्फोट के बाद लगी आग, बारूदी सुरंगों से टकराने का ईरान का दावा

तेहरान। ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य में 2 तेल टैंकरों में जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि दोनों जहाज समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकराए थे। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी।
आईआरजीसी के मुताबिक, दोनों टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे समुद्र में मौजूद बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए, जिसके बाद जहाजों में विस्फोट हुआ और आग लग गई। ईरानी सरकारी टीवी के अनुसार, दोनों टैंकरों ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने से पहले ईरानी अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय नहीं किया था। हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम मार्ग
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे प्रमुख तेल एवं गैस उत्पादक देशों से बड़ी मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति इसी मार्ग से दुनिया के अन्य हिस्सों तक पहुंचती है।
यह जलमार्ग वैश्विक तेल कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल विस्फोट के कारणों और बारूदी सुरंगों से टकराने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।













