गोदवाली की सरकारी राशन दुकान में सेंधमारी, कई क्विंटल गेहूं-चावल चोरी
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना, राशन की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम गोदवाली में चोरों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान को निशाना बनाते हुए सेंधमारी कर कई क्विंटल गेहूं और चावल चोरी कर लिया। घटना बीती रात की बताई जा रही है। सुबह दुकान पहुंचने पर ग्रामीणों ने दीवार में सेंध टूटी देखी, जिसके बाद चोरी का मामला सामने आया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी शासकीय उचित मूल्य दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है। उनका आरोप है कि पिछली घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। बार-बार राशन दुकान को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चोरी होने वाला गेहूं और चावल गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के हिस्से का राशन है। ऐसे में इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बरगवां पुलिस और जिला प्रशासन से ताजा घटना में प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए राशन की मात्रा का आकलन कराने तथा आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पिछली चोरी की घटना की दोबारा जांच कर उसका भी जल्द खुलासा करने की मांग उठाई है।













