गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना पूजा के साथ छठ महापर्व का दूसरा दिन संपन्न, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु

सिंगरौली। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिलेभर में भक्तिमय माहौल है। शनिवार को पर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ खरना पूजा की। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए और छठी मैया एवं भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार गुड़ की खीर और रोटी का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया।खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया। इस दौरान वे अन्न और जल का त्याग कर छठी मैया तथा भगवान सूर्य की आराधना करेंगी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा। खरना के साथ ही छठ महापर्व की कठिन साधना का महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है।
घाटों पर तैयारियां पूरी
छठ पर्व को लेकर मोरवा के विभिन्न घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। नगर निगम कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने घाटों की साफ-सफाई, वेदियों की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम किए। रविवार शाम को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
29 वर्षों से कर रहीं छठ व्रत
नेहरूनगर निवासी आशा किरण ने बताया कि वह लगातार 29 वर्षों से छठ माई का व्रत कर रही हैं। परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए यह व्रत करती हैं। छठ माई के प्रति उनकी गहरी आस्था है।मोरवा निवासी रीमा शर्मा ने बताया कि बचपन से ही उनकी छठ माई में आस्था रही है। उनकी सास भी व्रत रखती थीं। शादी के अगले साल से उन्होंने व्रत शुरू किया और पिछले 25 वर्षों से परिवार की खुशहाली के लिए इस परंपरा का निर्वहन कर रही हैं।
वहीं नेहरूनगर निवासी महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि उनके परिवार में पहले छठ पूजा नहीं होती थी, लेकिन पिछले 2 वर्षों से उनके किरायेदार घर पर ही छठ पूजा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में तन-मन से सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।













