खेत की जुताई के दौरान रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; 6 घायल
पट्टे की जमीन से आम रास्ते के विवाद में भिड़े दो पक्ष, 4 गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर बैढ़न किया गया रेफर

सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हर्रा चंदेल में खेत की जुताई के दौरान पट्टे की भूमि से आम रास्ते के उपयोग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से खेत में मौजूद परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार मिश्रा अपने खेत में जुताई का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान पट्टे की भूमि से निकलने वाले आम रास्ते को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद शुरू हो गया। वेद प्रकाश मिश्रा के आरोपों के मुताबिक, बबुआ राम यादव, राजा राम यादव, सीताराम यादव, राम यादव, परशुराम यादव, लाल बहादुर यादव, अनिल यादव, कासी राम यादव और कमलेश यादव सहित अन्य लोग लाठी-डंडों एवं अन्य सामान के साथ मौके पर पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
वेद प्रकाश मिश्रा का आरोप है कि हमले में उनके चाचा संतोष कुमार मिश्रा सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए। बीच-बचाव करने पहुंचे वेद प्रकाश मिश्रा और उनकी बड़ी मां के साथ भी मारपीट की गई।घटना में संतोष कुमार मिश्रा, लीलावती मिश्रा, अवनीश मिश्रा, कृष्ण दत्त मिश्रा, वेद प्रकाश मिश्रा और सुभाष कली मिश्रा घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लीलावती मिश्रा, अवनीश मिश्रा, संतोष कुमार मिश्रा और वेद प्रकाश मिश्रा को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद जियावन पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाद की वजह पट्टे की भूमि से आम रास्ते के उपयोग को बताया जा रहा है। हालांकि, मारपीट को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही हो सकेगी।













