युवा कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 18-19 नवंबर को
मोरवा के वर्कर्स क्लब में जुटेंगे जिले के पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता, दिल्ली से आएगी प्रशिक्षकों की टीम

सिंगरौली। भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देशन और मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के मार्गदर्शन में जिला युवा कांग्रेस सिंगरौली द्वारा 18 एवं 19 नवंबर को दो दिवसीय जिला स्तरीय बुनियादी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन मोरवा स्थित वर्कर्स क्लब में होगा। इसमें दिल्ली से पहुंचने वाली विशेष प्रशिक्षित टीम युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देगी।
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शिव सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष यश लखन गंगोरिया के मार्गदर्शन में शिविर की रूपरेखा तैयार की गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा, भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और संगठन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। साथ ही नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल तथा राजनीतिक एवं सामाजिक समझ को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
‘अतीत की नींव पर भविष्य का निर्माण’ थीम पर आधारित इस शिविर में इतिहास से सीख लेकर वर्तमान की चुनौतियों को समझने और भविष्य के सशक्त, समावेशी एवं लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा होगी।
प्रशिक्षण शिविर में जिले के निर्वाचित युवा कांग्रेस पदाधिकारी, जिला एवं विधानसभा कार्यकारिणी के सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष और संगठन के सक्रिय युवा साथी शामिल होंगे।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया (सोनू सिंह) ने जिले के सभी युवा साथियों से उत्साह और अनुशासन के साथ शिविर में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वैचारिक रूप से जागरूक, प्रशिक्षित और जिम्मेदार युवा ही मजबूत संगठन तथा सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।












