एनसीएल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में निःशुल्क हृदय एवं मस्तिष्क रोग जांच शिविर आयोजित
154 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, वाराणसी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी जांच और परामर्श की सुविधा

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) की ओर से शुक्रवार को निःशुल्क हृदय एवं मस्तिष्क रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 154 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए।
शिविर में वाराणसी के अर्वाचीन हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें डॉ. प्रेम शंकर (एमबीबीएस, एमडी-कार्डियो), कार्डियक एवं थोरेसिक सर्जन डॉ. हरेंद्र ओझा (एमबीबीएस, एमएस, एमसीएच-सीटीवीएस, केईएम मुंबई) तथा न्यूरोसर्जन डॉ. अविनाश श्रीवास्तव (एमबीबीएस, एमएस, एमसीएच) शामिल रहे।विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। हृदय और मस्तिष्क से संबंधित समस्याओं के बारे में मरीजों को परामर्श दिया गया। साथ ही जरूरत के अनुसार उन्हें आगे की जांच और स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी आवश्यक सलाह भी दी गई।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल
एनसीएल की ओर से कर्मियों और अन्य हितग्राहियों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में आयोजित इस शिविर में 154 लोगों की सहभागिता रही। एनसीएल की यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।











