5 साल की सेवा पूरी नहीं, फिर भी मिलेगी ग्रेच्युटी; 240 दिन काम करने का आधार माना
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने कंपनी की याचिका खारिज की, कहा- इस्तीफा देने से कर्मचारी का वैधानिक अधिकार खत्म नहीं होता

चंडीगढ़। निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी से जुड़े एक मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि निर्धारित परिस्थितियों में ग्रेच्युटी पाने के लिए हर स्थिति में 5 साल की सेवा पूरी करना अनिवार्य नहीं है। यदि कर्मचारी ने पांचवें वर्ष में 240 दिनों से अधिक काम किया है, तो वह ग्रेच्युटी का हकदार हो सकता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी के स्वयं इस्तीफा देने से उसका वैधानिक अधिकार समाप्त नहीं होता।
हाई कोर्ट ने गुरुग्राम की एमएस टेनॉन फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका खारिज करते हुए कर्मचारी को ग्रेच्युटी देने के पूर्व के आदेश बरकरार रखे। कंपनी ने भुगतान संबंधी आदेशों को चुनौती दी थी।
60 दिन के नोटिस पीरियड पर हुआ विवाद
मामला कंपनी में मानव संसाधन प्रमुख के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी से जुड़ा था। उनकी नियुक्ति 22 सितंबर 2014 को हुई थी। उन्होंने 2 अप्रैल 2019 को ईमेल के जरिए 60 दिन का नोटिस देते हुए इस्तीफा सौंपा। कंपनी ने उसी दिन इस्तीफा स्वीकार कर कार्यमुक्ति की तारीख 30 अप्रैल 2019 तय कर दी। शेष नोटिस अवधि के बदले उन्हें एक महीने का वेतन भी दिया गया।
इसके बाद कंपनी ने 28 मई 2019 को सेवा प्रमाणपत्र और औपचारिक कार्यमुक्ति पत्र जारी किया। महिला कर्मचारी का कहना था कि नियुक्ति पत्र के अनुसार उनका नोटिस पीरियड 60 दिनों का था, इसलिए उनकी सेवा अवधि 28 मई 2019 तक मानी जानी चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने ग्रेच्युटी के लिए दावा पेश किया।
कंपनी को 3.51 लाख रुपये देने का आदेश
नियंत्रक प्राधिकारी ने 2 अगस्त 2021 को कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कंपनी को 2,88,462 रुपये ग्रेच्युटी और 63,053 रुपये ब्याज के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया। इस तरह कुल देय राशि 3,51,515 रुपये निर्धारित की गई।
आदेश में यह भी कहा गया कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर बकाया ग्रेच्युटी राशि पर 10 प्रतिशत सालाना की दर से अतिरिक्त ब्याज देना होगा। कंपनी की अपील 7 अक्टूबर 2022 को खारिज हो गई। इसके बाद कंपनी ने हाई कोर्ट का रुख किया।
4 साल 249 दिन की सेवा को माना पर्याप्त
हाई कोर्ट में कंपनी ने दलील दी कि महिला कर्मचारी ने कुल 4 साल और 216 दिन ही काम किया था। कंपनी का तर्क था कि नोटिस अवधि के बदले दिए गए वेतन को वास्तविक सेवा अवधि में शामिल नहीं किया जा सकता।
हालांकि, अदालत ने रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया। सुनवाई के दौरान कंपनी के गवाह ने भी जिरह में 60 दिन के नोटिस पीरियड की बात स्वीकार की थी। इन तथ्यों के आधार पर हाई कोर्ट ने कर्मचारी की कुल सेवा अवधि 4 साल और 249 दिन मानी। अदालत ने पाया कि उन्होंने पांचवें वर्ष में 240 दिनों से अधिक काम किया था।
ग्रेच्युटी कानून की धारा 2-ए का हवाला
अदालत ने ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम की धारा 2-ए (2) का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्धारित परिस्थितियों में 240 दिनों तक काम करने को निरंतर सेवा के रूप में माना जा सकता है। इसलिए केवल 5 साल की सेवा पूरी नहीं होने के आधार पर कर्मचारी को ग्रेच्युटी से वंचित नहीं किया जा सकता।
हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी का स्वेच्छा से इस्तीफा देना उसके ग्रेच्युटी पाने के वैधानिक अधिकार को समाप्त नहीं करता। अदालत ने कंपनी की याचिका खारिज कर पहले के भुगतान आदेशों को बरकरार रखा।












