देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में बच्चों और मेट्रो का भी जिक्र

29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में होना है कार्यक्रम, आईईडी हमले की चेतावनी मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

मुंबई। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस को मिले एक ईमेल में 29 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में अभिभावकों से बच्चों को कार्यक्रम में नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल का जवाब नहीं देने और मेट्रो से यात्रा करने से बचने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। इसमें बेंगलुरु के मादावरा स्थित एनआईसीई रोड ग्राउंड में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा भी लिखा गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पहले मुंबई और इंदौर में भी मिली थी धमकी

दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अक्टूबर में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था। उसमें मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के घर और 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

नवंबर में इंदौर में होने वाले उनके कार्यक्रम से पहले भी धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। 2 नवंबर को इंदौर के 3 निजी स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमाके की चेतावनी वाला ईमेल भेजा गया था। इसके बाद 10 नवंबर को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ को भी दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से जुड़ा धमकी भरा ईमेल मिला था। इन घटनाओं के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई थी और ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए जांच शुरू की गई थी।

29 नवंबर को होना है बेंगलुरु में कार्यक्रम

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर चर्चा में हैं। कार्यक्रम की उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनका बेंगलुरु कॉन्सर्ट 29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में शाम 4 बजे शुरू होना निर्धारित है। शो के टिकटों की बिक्री भी जारी है।

ताजा धमकी के बाद पुलिस ईमेल की जांच कर रही है। हालांकि, धमकी की सत्यता और इसके पीछे की मंशा की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

Author

Related Articles

Back to top button