दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, 5 जवान घायल
पारिवारिक विवाद के मामले में लाया गया था आरोपी, थाने से भागकर दोपहिया वाहन लूटा; पुलिस ने चितली कब्र इलाके से पकड़ा

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के मामले में थाने लाए गए एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस वारदात में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपी ने जवानों के चेहरे और गर्दन पर चाकू से कई वार किए। हमले के बाद वह थाने से फरार हो गया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पारिवारिक विवाद के मामले में थाने लाया गया था युवक
जानकारी के अनुसार, नबील नाम के युवक को पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में जामा मस्जिद थाने लाया गया था। इसी दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने एक के बाद एक कई जवानों को निशाना बनाया, जिससे 5 पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।
दोपहिया वाहन लूटकर भागा, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी नबील थाने से भाग निकला। फरार होने के दौरान उसने रास्ते से एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया और उस पर सवार होकर निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। आखिरकार आरोपी को चितली कब्र इलाके से पकड़ लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।












