बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

पश्चिम मध्य रेलवे ने शुरू किए 3 नए स्टेशन, चुरहट, देवेंद्र नगर और फुलवारी से रेल संपर्क हुआ मजबूत

रीवा-सिंगरौली और सतना-पन्ना रेलखंड के यात्रियों को मिलेगी सुविधा, WCR में यात्री यातायात के लिए संचालित स्टेशनों की संख्या बढ़कर 313 हुई

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्री सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में अक्टूबर माह के दौरान 3 नए रेलवे स्टेशन यात्री यातायात के लिए शुरू किए हैं। इनमें जबलपुर मंडल के अंतर्गत रीवा-सिंगरौली रेलखंड पर चुरहट तथा सतना-पन्ना रेलखंड पर देवेंद्र नगर और फुलवारी स्टेशन शामिल हैं।

तीनों स्टेशन एनएसजी-6 श्रेणी में शामिल

यात्री सुविधाओं और यातायात की दृष्टि से तीनों नए स्टेशनों को एनएसजी-6 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। इनके शुरू होने से आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों को रेल परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों का आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

WCR में अब 313 संचालित स्टेशन

तीनों नए स्टेशनों के यात्री यातायात के लिए शुरू होने के बाद पश्चिम मध्य रेलवे में संचालित स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर 313 हो गई है। इनमें जबलपुर मंडल के 119, भोपाल मंडल के 88 और कोटा मंडल के 106 स्टेशन शामिल हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा लाभ

नए स्टेशनों से स्थानीय नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। साथ ही आसपास के पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों का आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे होटल, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

बेहतर रेल संपर्क से औद्योगिक क्षेत्रों और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि, रेल नेटवर्क के विस्तार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button