इटली में सोनिया गांधी के बचपन का घर बनेगा संग्रहालय, सिख कारोबारी ने शुरू की तैयारी
2020 में सुखदेव सिंह कांग ने खरीदा था 6 कमरों का मकान, पुरानी वस्तुओं और पारिवारिक तस्वीरों को संरक्षित रखने की योजना

अमृतसर। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का इटली स्थित बचपन का घर अब संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। भारतीय मूल के सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कांग ने इस मकान को म्यूजियम बनाने का संकल्प लिया है। उन्हें उम्मीद है कि संग्रहालय तैयार होने के बाद सोनिया गांधी स्वयं अपने बचपन के घर को देखने इटली आएंगी।
इटली के विसेंजा प्रांत के लुसियाना गांव में स्थित यह 6 कमरों का मकान ग्रे पत्थर और कंक्रीट से बना है। मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के जुहुरा गांव के रहने वाले सुखदेव सिंह कांग 1992 में इटली चले गए थे। उन्होंने वर्ष 2020 में यह संपत्ति खरीदी थी।
अमृतसर दौरे के दौरान आईएएनएस से बातचीत में कांग ने बताया कि उनका उद्देश्य सोनिया गांधी के बचपन से जुड़ी यादों को सुरक्षित रखना और घर को संग्रहालय के रूप में विकसित करना है। मकान खरीदने के कुछ समय बाद कोविड महामारी शुरू हो गई, जिससे नवीनीकरण का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि सफाई और मरम्मत के बावजूद घर के अंदरूनी हिस्से में ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं।
पुरानी वस्तुओं को भी रखा जाएगा सुरक्षित
मकान में पुराना टेप रिकॉर्डर, रेडियो, मेज-कुर्सियां, घरेलू सामान और परिवार की तस्वीरें मौजूद हैं। कांग इन वस्तुओं को भी संरक्षित रखना चाहते हैं, ताकि घर से जुड़ी यादें और इतिहास सुरक्षित रह सकें। उनका परिवार इस मकान में नहीं रहता। इसके रखरखाव पर हर साल करीब 1,000 यूरो खर्च किए जाते हैं।
सोनिया गांधी के आने की उम्मीद
कांग को उम्मीद है कि उचित समय आने पर सोनिया गांधी इटली के इस गांव का दौरा करेंगी। उन्होंने कहा कि जन्मस्थान और बचपन से जुड़ी जगहों के प्रति व्यक्ति का भावनात्मक लगाव जीवनभर बना रहता है। उन्होंने अपने दादा-दादी का उदाहरण देते हुए बताया कि उनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था और उनकी दादी अंतिम समय तक अपने जन्मस्थान तथा पुश्तैनी घर को देखने की इच्छा रखती थीं, लेकिन यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।
कांग का मानना है कि सोनिया गांधी के लिए भी उनका बचपन का घर विशेष महत्व रखता होगा। उन्होंने इसे एक धरोहर बताते हुए कहा कि वे इसे निजी संपत्ति के बजाय जिम्मेदारी और सेवा की भावना से संभाल रहे हैं।
गांव में पर्यटन बढ़ने की उम्मीद
कांग के मुताबिक, संग्रहालय बनने के बाद यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। इससे सोनिया गांधी के बचपन की यादों को संरक्षित करने के साथ गांव में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल सकता है। उनकी पत्नी और बेटी भी इस पहल में सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से इटली के इस गांव का दौरा करने की अपील की है। कांग ने बताया कि गांव के कुछ बुजुर्ग आज भी सोनिया गांधी के बचपन के दिनों को याद करते हैं। उन्हें याद है कि वह दोस्तों के साथ एक खास कैफे में कॉफी पीने जाया करती थीं और गांव की अलग-अलग जगहों पर जाती थीं।
कांग के अनुसार, जब गांव के लोगों को पता चला कि सोनिया गांधी का बचपन का घर एक सिख परिवार ने खरीदा है, तो उनकी उम्मीदें बढ़ गईं। उनका परिवार इस मकान को धरोहर के रूप में सुरक्षित रखना चाहता है और सोनिया गांधी के यहां आने का इंतजार कर रहा है।












