देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब में अकाली दल होगा गठबंधन का बड़ा भाई, उसी दल से बनेगा मुख्यमंत्री : अमित शाह

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने किया गठबंधन का ऐलान, शाह बोले- 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा की। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने कहा कि पंजाब में दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी इसी दल से बनेगा।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि दोनों दल पंजाब के प्रमुख मुद्दों को लेकर साझा घोषणा पत्र जारी करेंगे। गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य राज्य से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करने के साथ राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना होगा।

आप और कांग्रेस पर साधा निशाना

शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने राज्य में तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन नशा समाप्त होने के बजाय बढ़ा है। उन्होंने वर्तमान सरकार को वादाखिलाफी वाली सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि उसने अपने वादे पूरे नहीं किए।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि 2017 में राहुल गांधी ने भी अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी इस दिशा में कुछ नहीं कर सकी।

2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा

गृह मंत्री ने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक एनडीए पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के किसानों की समस्याओं, आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन महीने तक चर्चा हुई है। इसके बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है, जिस पर एनडीए की प्रस्तावित सरकार काम करेगी।

शाह ने विश्वास जताया कि भाजपा और अकाली दल के साथ आने से पंजाब की जनता के बीच गठबंधन को समर्थन मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को राज्य में भारी बहुमत मिलने की उम्मीद भी जताई।

Author

Related Articles

Back to top button