चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर लगेगा लाल चेतावनी चिह्न, सुप्रीम कोर्ट के FSSAI को निर्देश
चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा होने पर अलग-अलग लगेगा षट्कोणीय लेबल, पैकेट के सामने 4 से 5 प्रतिशत जगह रखना होगा जरूरी

नई दिल्ली। चिप्स, बिस्किट, नमकीन और अन्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की पहचान अब आसान हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और केंद्र सरकार को ऐसे उत्पादों के पैकेट पर सामने की ओर लाल रंग के षट्कोणीय चेतावनी चिह्न लगाने के संबंध में निर्देश दिए हैं।
संविधान दिवस पर जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएनएल) को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अदालत के निर्देश के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक फैट, शुगर या नमक वाले उत्पादों पर प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाया जाना चाहिए। इसमें संबंधित तत्व का चित्र और ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ जैसे स्पष्ट शब्द होने चाहिए।
पीठ ने कहा कि प्रत्येक चेतावनी चिह्न पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल का 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरे। एफएसएसएआई को ऐसा फॉन्ट साइज तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे ग्राहक इसे आसानी से पढ़ सकें।
अदालत ने कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाकर वैज्ञानिक प्रमाणों के अनुसार पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा दोबारा तय करने को कहा है। यह फैसला ‘3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ की जनहित याचिका पर आया है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की पोषण संबंधी स्थिति बताकर जागरूक विकल्प चुनने में मदद करना है।












