बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

‘मुझे टिकट देने की किसकी औकात, चुनाव लड़ना है या नहीं, यह मैं खुद तय करती हूं’ : उमा भारती

यूपी चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा, शराबबंदी पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठाए सवाल

ग्वालियर। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने चुनाव लड़ने और टिकट को लेकर बेबाक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें टिकट देने की किसी की औकात नहीं है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वह खुद करती हैं। बुधवार को वृंदावन से भोपाल जाते समय बुखार के कारण ग्वालियर में रुकीं उमा भारती ने रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा चुनाव जीतती है और उसे अपनी जीत का भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार और जीत मिलने पर अगले 20 साल तक दूसरी पार्टियों का सफाया हो जाएगा।

मध्यप्रदेश में शराबबंदी के सवाल पर उमा भारती ने सरपंच से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने शराब को लेकर कानून बनाए हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अकेले कुछ नहीं कर सकते, उन्हें जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी चाहिए।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शराब नीति की सराहना करते हुए कहा कि नीति तैयार करने में उन्होंने सुझाव दिए थे, जिन्हें शिवराज सिंह चौहान ने स्वीकार किया था।

सोनिया गांधी की किताब में राजीव गांधी की हत्या को साजिश बताए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उस समय चंद्रशेखर की सरकार थी और उसे कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। इसलिए इस सवाल का जवाब कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button