ईडी की संपत्ति कुर्की पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती, अंतिम फैसले में न्यायिक सदस्य जरूरी
पीएमएलए के तहत कुर्की की पुष्टि करने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य की अनिवार्य मौजूदगी, कारण बताओ नोटिस पर लागू नहीं होगा नियम

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया को लेकर अहम फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि अस्थायी रूप से कुर्क की गई संपत्ति की अंतिम पुष्टि करने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य होगी। बिना न्यायिक सदस्य वाली एक सदस्यीय पीठ कुर्की बरकरार रखने का अंतिम आदेश नहीं दे सकती।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 8 के तहत होने वाली अंतिम सुनवाई में न्यायिक अनुभव जरूरी है। हालांकि, केवल कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए न्यायिक सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी।
अदालत ने प्राधिकरण के चेयरपर्सन को प्रशासनिक सर्कुलर जारी कर यह व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पीठ ने स्पष्ट किया कि चेयरपर्सन का स्वयं न्यायिक सदस्य होना जरूरी नहीं है।
मामले में अदालत ने कहा कि संपत्ति कुर्की की पुष्टि से व्यक्ति के संपत्ति संबंधी अधिकार प्रभावित होते हैं, इसलिए साक्ष्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन और कानूनी समझ आवश्यक है। सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से एक सदस्यीय पीठ की व्यवस्था का बचाव किया गया था, जबकि याचिकाकर्ताओं ने स्वतंत्र न्यायिक निगरानी की जरूरत बताई थी।
इस फैसले से पीएमएलए के तहत संपत्ति कुर्की की पुष्टि करने की प्रक्रिया में न्यायिक सदस्य की भूमिका अनिवार्य हो गई है।












