रोहतक में ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की हत्या से सनसनी
स्विफ्ट कार से पहुंचे पांच हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच रंजिश की आशंका

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात खरावड़ पुलिस चौकी से करीब 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने पांच हमलावर स्विफ्ट कार से पहुंचे थे। अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भागने की कोशिश कर रहे चौथे युवक को हमलावरों ने पीछा कर गोली मार दी।
घटना रात करीब 12:30 बजे की है। मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए कार से फरार हो गए।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि हत्याकांड भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी का नतीजा हो सकता है। पुलिस डीघल गांव में हाल ही में हुई एक युवक की हत्या से भी इस घटना के तार जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।












