महानगरी एक्सप्रेस का एस-2 कोच खराब, 120 यात्री दूसरे डिब्बों में भेजे गए
हॉट एक्सल की समस्या के चलते सतना में ढाई घंटे खड़ी रही ट्रेन, अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित

सतना। बनारस से मुंबई जा रही महानगरी एक्सप्रेस बुधवार को एस-2 कोच में तकनीकी खराबी के कारण सतना स्टेशन पर करीब ढाई घंटे खड़ी रही। मानिकपुर और सतना के बीच कोच में हॉट एक्सल की समस्या सामने आने पर रेलवे ने उसे अनफिट घोषित कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर सतना जंक्शन पर कोच को ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया गया।
ट्रेन नंबर 22178 शाम 5:10 बजे सतना पहुंची। करीब 5:30 बजे रेलवे कर्मचारियों ने जांच के बाद खराबी की पुष्टि की। इसके बाद जबलपुर से दूसरा कोच मंगवाने के निर्देश दिए गए। एस-2 में सवार करीब 120 यात्रियों को एस-1 और एस-3 कोच में शिफ्ट किया गया। अचानक हुई इस व्यवस्था से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोच हटाने की प्रक्रिया के चलते ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब ढाई घंटे खड़ी रही। इसका असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस करीब पौने दो घंटे की देरी से पहुंची। शटल और रीवा-इतवारी ट्रेन के प्लेटफॉर्म भी बदले गए।
शाम 5 से 7:30 बजे तक स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी और पैदल पुल पर आवाजाही प्रभावित हुई। व्यवस्था संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात किए गए।












