तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करेगा गुमनाम भक्त, कीमत 160 करोड़

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में 26 नवंबर को एक श्रद्धालु की ओर से 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए जाएंगे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी भेंट देने वाले भक्त ने अपनी पहचान गुप्त रखने का फैसला किया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी इस विशेष समारोह में शामिल होंगे।
स्वर्ण मुकुट और पद्म पादालु होंगे भेंट का हिस्सा
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अनुसार, गुमनाम श्रद्धालु भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को कुल 121 किलो सोने के आभूषण समर्पित करेगा। इनमें भगवान के लिए तैयार कराया गया विशेष स्वर्ण मुकुट और चरणों के लिए बनवाए गए कीमती आभूषण शामिल हैं। चरणों के इन आभूषणों को ‘पद्म पादालु’ नाम दिया गया है। मंदिर प्रशासन निर्धारित समारोह में इन आभूषणों को औपचारिक रूप से स्वीकार करेगा।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर की सुबह अमरावती से तिरुपति पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 10 बजे एसवी एग्रीकल्चरल कॉलेज के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद 10:45 बजे तिरुमला स्थित गायत्री निलयम पहुंचेंगे। सुबह 11:10 बजे वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स के रास्ते भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करेंगे और फिर सोने के आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपने के समारोह में शामिल होंगे।
तिरुमला का श्री वेंकटेश्वर मंदिर देश के प्रमुख और समृद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार नकदी, सोना, चांदी सहित अन्य वस्तुएं दान करते हैं। 160 करोड़ रुपये मूल्य के इस स्वर्ण दान के साथ ही दानदाता की गुमनाम पहचान भी चर्चा का विषय बनी हुई है।












