देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मिस्र में ईंधन टैंकर में विस्फोट से भीषण तबाही, 30 लोगों की मौत; 25 से अधिक वाहन जले

 

काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। काहिरा रिंग रोड पर ईंधन से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद हुए जोरदार विस्फोट से आग लग गई, जिसने आसपास गुजर रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 25 से अधिक कारें और दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।

यह दुर्घटना ग्रेटर काहिरा के गीजा प्रांत स्थित घनी आबादी वाले अल-वर्राक इलाके में अशारा टनल के ऊपर बने हाईवे पर हुई। स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार के अनुसार, टैंकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर बीच सड़क पर पलट गया। टक्कर के बाद हुए विस्फोट ने देखते ही देखते विकराल आग का रूप ले लिया। कई वाहन सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

आसमान में उठा आग का विशाल गोला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद आसमान में आग का बड़ा गोला दिखाई दिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े। आग की लपटें आसपास की इमारतों तक भी पहुंचीं, हालांकि इमारतें इसकी चपेट में आने से बच गईं। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

39 एंबुलेंस तैनात, डीएनए से होगी शवों की पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने 39 एंबुलेंस तैनात कीं। घायलों को जायेद स्पेशलाइज्ड, इमबाबा जनरल और वार्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग में बुरी तरह झुलसने के कारण कई शवों की पहचान मुश्किल हो रही है। मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।

राष्ट्रपति ने जताया दुख, जांच के आदेश

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घटना की जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने मृतकों की संख्या बढ़कर 30 होने की पुष्टि की है। घटना के बाद प्रभावित इलाके में आपातकालीन व्यवस्था लागू की गई और लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई।

Author

Related Articles

Back to top button