देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का अलर्ट; दक्षिण के 5 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी

 

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने के साथ सुबह कोहरा छाने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है। वहीं, दक्षिण भारत के 5 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और आंधी को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी ठंड बढ़ने के संकेत हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कोहरा और स्मॉग बढ़ाएंगे परेशानी

दिल्ली और आसपास के इलाकों में 1 दिसंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छा सकता है। तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण भी परेशानी बढ़ा सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में स्मॉग का असर बने रहने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मुजफ्फरनगर और हापुड़ सहित कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन

25 नवंबर को दिल्ली में इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। सफदरजंग, आयानगर, राजघाट, नजफगढ़ और मयूर विहार सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। एनसीआर के शहरों में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में कम हुई दृश्यता

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली तथा जम्मू-कश्मीर के बडगाम, पुलवामा, अनंतनाग और कुपवाड़ा में मौसम का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई है। ओडिशा के बोलांगीर में दृश्यता घटकर 70 मीटर और हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में करीब 100 मीटर रह गई।

दक्षिण भारत के 5 राज्यों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक वर्षा का अनुमान है। तेलंगाना और कर्नाटक में 25 से 28 नवंबर के दौरान बारिश की संभावना है। कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और यनम में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

कई मौसमी प्रणालियां हैं सक्रिय

मौसम में बदलाव के पीछे कई वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं। बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मन्नार की खाड़ी से तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पूर्वी हवाओं का गर्त सक्रिय है। इसके अलावा गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, कोहरा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button