जमीन और मुआवजे की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे मांझी संगठन के 400 कार्यकर्ता

सिंगरौली। जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों तथा उचित मुआवजे की मांग को लेकर श्री मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था के करीब 400 कार्यकर्ता बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। देवसर विधानसभा क्षेत्र के सरई इलाके से आए कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताईं। उनका आरोप है कि कंपनी द्वारा जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद कई परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिला है। इससे उनके सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, संगठन से जुड़े कई परिवारों के पास आधार कार्ड और मोबाइल फोन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। शिक्षा और आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वे सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल नहीं कर पाते और पात्र होने के बावजूद लाभ से वंचित रह जाते हैं।
संगठन के सदस्य मंगलवार को ही बैढ़न पहुंच गए थे, लेकिन शासकीय अवकाश के कारण अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में रात बिताई और बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी बात रखी। अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
अब संगठन के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में उचित मुआवजा, पुनर्वास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना शामिल है।












