मध्य प्रदेश में 500 सरकारी सेवाओं के लिए बनेगी एक डिजिटल आईडी, राशन कार्ड से ड्राइविंग लाइसेंस तक सुविधाएं
मोबाइल नंबर और ओटीपी से होगा पंजीकरण, डिजीलॉकर से जुड़ेंगे दस्तावेज; करीब 8 करोड़ नागरिकों को जोड़ने की तैयारी

भोपाल। मध्य प्रदेश के नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग पोर्टल पर बार-बार पंजीकरण कराने की परेशानी से राहत मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार एक ऐसी डिजिटल व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसके तहत एक ही लॉगिन आईडी से लगभग 500 सरकारी सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा। इसके लिए केंद्र सरकार के ‘जन परिचय-मेरी पहचान’ प्लेटफॉर्म से राज्य के विभिन्न विभागों की सेवाओं को जोड़ने की तैयारी है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को हर सरकारी सेवा के लिए अलग यूजर आईडी और पासवर्ड बनाने की जरूरत नहीं होगी। एक बार पंजीकरण कराने के बाद उसी डिजिटल पहचान से अलग-अलग विभागों की सेवाओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी। इसे डिजीलॉकर से भी जोड़ा जाएगा, जिससे जरूरी दस्तावेज बार-बार अपलोड करने की परेशानी कम होगी।
राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित 500 सेवाएं
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के ‘जन परिचय-मेरी पहचान’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से मध्य प्रदेश के करीब 8 करोड़ नागरिकों को जोड़ने की योजना है। इसके तहत राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों की लगभग 500 सेवाएं एक डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने की तैयारी है। नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार सेवा चुनकर आवेदन कर सकेंगे।
मोबाइल नंबर और ओटीपी से पंजीकरण
पोर्टल पर पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर के जरिए पहचान सत्यापित कर डिजिटल प्रोफाइल बनाई जा सकेगी। इसके लिए नागरिकों को जन परिचय-मेरी पहचान पोर्टल पर साइनअप करना होगा। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद प्राप्त ओटीपी का सत्यापन करना होगा। इसके बाद नाम, पता और जन्मतिथि जैसी जरूरी जानकारी भरकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधार एवं पहचान का सत्यापन कराया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने पर डिजिटल प्रोफाइल तैयार हो जाएगी।
बार-बार जानकारी और दस्तावेज देने की जरूरत नहीं
डिजिटल प्रोफाइल बनने के बाद नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के आवेदन में नाम, पिता का नाम, पता और अन्य व्यक्तिगत जानकारी बार-बार दर्ज नहीं करनी पड़ेगी। डिजीलॉकर से जुड़ने पर जरूरी दस्तावेज भी सीधे उपलब्ध हो सकेंगे। इससे आवेदन के साथ दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत कम होगी।
ओटीपी से आसान होगा लॉगिन
नई व्यवस्था में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के माध्यम से लॉगिन की सुविधा भी दी जाएगी। इससे अलग-अलग पासवर्ड याद रखने और भूलने पर उन्हें रीसेट कराने की परेशानी कम होगी। इस प्लेटफॉर्म के जरिए राज्य सरकार के विभागों के साथ केंद्र सरकार की सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने का लक्ष्य है।
इस पहल से सरकारी सेवाओं के लिए अलग-अलग पोर्टल खोजने और कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो सकती है। साथ ही आवेदन प्रक्रिया सरल होने और नागरिकों का समय बचने की उम्मीद है।













