बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

एमपी हाईकोर्ट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सख्त, कहा- ‘बेलगाम घोड़ा’ बन गया पुलिस महकमा

कैंसर पीड़ित कैदी को एम्स में इलाज नहीं मिलने के मामले में नाराजगी, 34 मांग-पत्रों में से 31 दबाने और तथ्य छिपाने पर उठाए सवाल

ग्वालियर। मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने के प्रयास पर ग्वालियर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की डिवीजन बेंच ने पुलिस विभाग पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस महकमा ‘बेलगाम घोड़ा’ बनता जा रहा है। अदालत ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकारों तथा कानून के सम्मान को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली शासन के संज्ञान में आ सके।

34 में से 31 मांग-पत्रों पर कार्रवाई नहीं

सुनवाई के दौरान सामने आया कि पुलिस लाइन के रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) को कुल 34 मांग-पत्र मिले थे, लेकिन केवल 3 पर कार्रवाई हुई, जबकि शेष 31 मांग-पत्र दबा दिए गए। पहले कोर्ट में पेश जवाब में इस तथ्य का उल्लेख नहीं किया गया था।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की ओर से प्रस्तुत टिप्पणियों में विभाग को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि पुलिस ने कोई उदासीनता नहीं बरती। इस पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई और कहा कि डीजीपी ने रिकॉर्ड का ठीक से अवलोकन किए बिना ही स्वयं और विभाग को ईमानदारी का प्रमाणपत्र दे दिया। अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर संबंधित अधिकारियों को बचाने की कोशिश क्यों की गई।

कैंसर पीड़ित कैदी को एम्स भेजने का मामला

पूरा मामला जेल में बंद कैंसर पीड़ित कैदी नरहरि से जुड़ा है, जिसे बेहतर उपचार के लिए एम्स नहीं भेजा जा सका। इस मामले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सामने आई गड़बड़ियों को लेकर अदालत ने गंभीर सवाल उठाए।

एसएसपी की दलील पर भी जताई नाराजगी

हाईकोर्ट के निर्देश पर ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। उन्होंने बताया कि रिजर्व इंस्पेक्टर रंजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबन जारी रखने की बात भी कही गई।

एसएसपी ने प्रारंभिक जांच एडिशनल एसपी को सौंपने और इसके लिए एक महीने का समय मांगा। उन्होंने स्वयं के प्रशिक्षण पर होने का हवाला भी दिया, लेकिन अदालत इससे संतुष्ट नहीं हुई। कोर्ट ने उनके रवैये पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे अनुशासनहीनता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति तिरस्कार को बढ़ावा मिलता है।

न्यायिक दस्तावेजों में बदलाव का आरोप

सुनवाई के दौरान न्यायिक दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया। रिकॉर्ड के अनुसार, 25 नवंबर को नियमित रीडर हरिओम शर्मा ने अनुपालन रिपोर्ट पेश करने की अनुमति दी थी। आरोप है कि स्थानापन्न रीडर मोहम्मद साबिर ने उस अनुमति को काटकर 26 नवंबर को बिना अदालत की अनुमति के नई अनुमति दर्ज कर दी।

हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों और आदेश की प्रति मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश से मामले में पुलिस विभाग की जवाबदेही तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों के संरक्षण का मुद्दा केंद्र में आ गया है।

Author

Related Articles

Back to top button