देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पुतिन ने 16 वर्षीय भारतीय एआई इनोवेटर से की बातचीत, ‘मेक इन इंडिया’ की सराहना

 

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में आयोजित ‘जर्नी टू द वर्ल्ड ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ सम्मेलन के दौरान 16 वर्षीय भारतीय एआई इनोवेटर राउल जॉन अजू से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन की सराहना करते हुए कहा कि यह युवाओं को अपने समाधान विकसित करने और उन्हें हकीकत में बदलने के लिए प्रेरित करता है।

सम्मेलन के पूर्ण सत्र के बाद पुतिन ने अजू से पूछा कि क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता इस्तेमाल शिक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इस पर अजू ने कहा कि विद्यार्थियों को एआई पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय उसके साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि तकनीक का उपयोग करने से पहले छात्रों को विषयों की बुनियादी समझ विकसित करनी जरूरी है।

कैलकुलेटर का उदाहरण देते हुए अजू ने कहा कि जैसे गणना के लिए कैलकुलेटर का उपयोग करने से पहले गणित की मूल अवधारणाएं समझना जरूरी है, उसी तरह एआई का इस्तेमाल भी सीखने की बुनियाद मजबूत होने के बाद किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, एआई नए विचार खोजने, डेटा जुटाने और जटिल विषयों को समझने में मददगार हो सकता है, लेकिन इसका जिम्मेदारी से इस्तेमाल जरूरी है।

अजू के विचारों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुतिन ने कहा कि उनका काम प्रधानमंत्री मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ आह्वान को साकार करने में मदद करता है। यह युवाओं को खुद समाधान खोजने और उन्हें लागू करने के लिए प्रोत्साहित करता है।

अजू ने सोशल मीडिया पर पुतिन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर और वीडियो साझा किया। उन्होंने 9 साल की उम्र में पहला वीडियो बनाने से लेकर रूसी राष्ट्रपति के साथ सेल्फी लेने तक के सफर को याद करते हुए इसे अपने लिए अविश्वसनीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है और अभी उन्हें काफी कुछ सीखना बाकी है।

Author

Related Articles

Back to top button