सहकारी संस्थाएं अन्नदाता की उन्नति और विकास में अहम भूमिका निभाती हैं : विश्वामित्र पाठक
विधायक ने बी-पैक्स मर्यादित नकझर कला समिति का किया शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर किसानों को मिलेंगी खाद-बीज और कृषि योजनाओं की सुविधाएं

सिंगरौली। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) मर्यादित नकझर कला का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत समिति का शुभारंभ करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ अन्नदाता की आर्थिक उन्नति और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विधायक ने शिलापट्टिका का अनावरण कर समिति का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गणेश चंद्रवंशी ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।विधायक विश्वामित्र पाठक ने जनप्रतिनिधियों, समिति के पदाधिकारियों और किसानों से संवाद करते हुए कहा कि नई समिति के संचालन से क्षेत्र के किसानों को कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से 3 लाख रुपये तक शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, कवच योजना और कृषि यंत्रों पर अनुदान जैसी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अब खाद-बीज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा
विधायक ने बताया कि पहले यह क्षेत्र बघोर सहकारी समिति से जुड़ा था, जिसके बाद इसे पतुलखी समिति से संबद्ध किया गया। इसके कारण नकझर कला और आसपास के गांवों के किसानों को खाद, बीज तथा अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर जाना पड़ता था। इससे उनका समय और संसाधन खर्च होते थे। अब नकझर कला में समिति शुरू होने से किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकेंगी।उन्होंने किसानों को जैविक खाद अपनाने और परंपरागत फसलों को बढ़ावा देने की सलाह भी दी। कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को उपलब्ध कृषि योजनाओं और आधुनिक सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए।
क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों की दी जानकारी
विधायक विश्वामित्र पाठक ने क्षेत्र में कराए गए और स्वीकृत विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए नकझर-सिहावल के बीच सोन नदी पर पुल, लौआर-कोरसर के बीच पुल निर्माण, बहरी में सिविल अस्पताल और आईटीआई की स्वीकृति तथा भवन निर्माण की जानकारी दी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
संविधान दिवस पर दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर विधायक ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अर्जुन उपाध्याय, रामलाल विश्वकर्मा, रामप्रताप पाण्डेय, कन्हैयालाल पाण्डेय, अनिल पाण्डेय, संध्या सिंह, हर्षद द्विवेदी, बालमुकुंद पाठक, सरोज द्विवेदी, गोपाल शरण द्विवेदी, रविशंकर पाठक, बालकृष्ण पाठक, उपेंद्र पाण्डेय, पंचराज वर्मा, अनुसुइया शुक्ला, विपिन बिहारी पाण्डेय, गैविनाथ पाण्डेय, गोविंद पाठक, महेश प्रजापति, बहरी बैंक मैनेजर रामभवन पटेल, तीरथ द्विवेदी, पारस जायसवाल, मनीष द्विवेदी और पंचकेश पाण्डेय सहित अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।













