जंगल में छिपा हत्या का आरोपी 24 घंटे की सर्चिंग के बाद गिरफ्तार
25 नवंबर से पुलिस चला रही थी तलाश अभियान, 26 नवंबर की सुबह 6 बजे मिली सफलता; न्यायालय ने भेजा जेल

सिंगरौली । हत्या के मामले में फरार आरोपी की तलाश कर रही जियावन पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लगातार 24 घंटे तक सघन सर्चिंग अभियान चलाकर जंगल में छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने 25 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।इस दौरान पुलिस को सूचना और तलाश के आधार पर 26 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे जंगल में छिपे आरोपी तुलसी बैगा (30 वर्ष), पिता जगदेव बैगा, निवासी ग्राम चरकी, बहेराखाड़ टोला, थाना जियावन को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विवेचना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय में पेशी के दौरान न्यायाधीश विष्णुकांत मिश्रा ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इसके बाद उसे जिला जेल पचौर में दाखिल करा दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे, रामजी त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक रामसुन्दर विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक विनय दोहरे, दिलीप तिवारी, बंशलाल प्रजापति, दिनेश कुमार, प्रतीक कुमार तथा आरक्षक क्रमांक 491 लालू रावत और 779 प्रभात दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी अभियान में शामिल टीम के प्रयासों की सराहना की।













