ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

कटनी में शंटिंग के दौरान मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, रेल यातायात कुछ समय रहा प्रभावित

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत एनकेजे (कटनी) के बी-केबिन के पास बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शंटिंग के दौरान एक मालगाड़ी का खाली डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। जानकारी के अनुसार, इस शंटिंग प्रक्रिया में कुल सात डिब्बे शामिल थे।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पटरी से उतरा डिब्बा खाली था, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी स्टाफ और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।

रेलवे की राहत एवं बहाली टीम ने तत्काल कार्य शुरू करते हुए आधुनिक उपकरणों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बे को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात डिब्बे को सुरक्षित रूप से पटरी पर स्थापित कर दिया गया।

घटना के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित रखा गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। बहाली कार्य पूरा होने के बाद रेल यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

फिलहाल रेलवे विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि तकनीकी खराबी या परिचालन संबंधी किस कारण से मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा।

Author

Related Articles

Back to top button