कृष्ण कुमार की मौत के बाद जियावन थाने के सामने प्रदर्शन, राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे तक लगा जाम
तहसीलदार प्रदीप सिंह के आश्वासन के बाद पीड़ित परिजन माने, प्रदर्शन समाप्त होने से आवागमन हुआ बहाल

सिंगरौली/देवसर रास्ते के विवाद में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार सिंह चंदेल की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। शुक्रवार को जियावन थाना के सामने शव रखकर प्रदर्शन किए जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रदीप सिंह ने पीड़ित परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त करने के लिए राजी हुए और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान एसडीओपी डॉ. गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी जियावन डॉ. राजेश चंद्र मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
दो घंटे तक थमा रहा राष्ट्रीय राजमार्ग का यातायात, प्रशासन की समझाइश के बाद खुला रास्ता।











