बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैढ़न-विंध्यनगर रोड पर सजीं पटाखों की 71 दुकानें, प्रशासन ने बदला बिक्री स्थल; शहरवासियों को मिली राहत

सिंगरौली। दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में पटाखों की खरीदारी के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। इस वर्ष बैढ़न-विंध्यनगर रोड स्थित हर्रई के एनसीएल ग्राउंड में पटाखों की बिक्री के लिए 71 दुकानों को अनुमति दी गई है। निर्धारित स्थल पर पटाखों की दुकानें सज गई हैं और बिक्री भी शुरू हो गई है।

इस बार प्रशासन ने पिछले वर्षों की व्यवस्था में बदलाव करते हुए पटाखा बिक्री का स्थल परिवर्तित किया है। पूर्व में पटाखों की दुकानें शासन क्षेत्र में लगाई जाती थीं, लेकिन इस वर्ष हर्रई स्थित एनसीएल ग्राउंड को बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं मोरवा, खुटार, शासन और बैढ़न क्षेत्र में भी निर्धारित स्थानों पर पटाखा दुकानों की व्यवस्था की गई है।

हर्रई एनसीएल ग्राउंड में एक ही स्थान पर 71 दुकानें लगने से शहरवासियों को दीपावली की खरीदारी में काफी सहूलियत मिल रही है। यहां लोग अपनी पसंद के विभिन्न प्रकार के पटाखे खरीद सकते हैं। खास बात यह है कि पहले पटाखों की खरीदारी के लिए शहरवासियों को काफी दूर जाना पड़ता था, लेकिन स्थान परिवर्तन से अब उन्हें अपेक्षाकृत नजदीक ही सुविधा मिल रही है।

पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और नगर निगम भी सतर्क हैं। दुकानों पर निर्धारित नियमों के पालन और सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखी जा रही है, ताकि दीपावली के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पटाखों की खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई व्यवस्था से दूरी कम हुई है और सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर इंतजाम नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पटाखों की खरीदारी निर्धारित स्थलों से ही करें और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए दीपावली का त्योहार मनाएं।

Author

Related Articles

Back to top button