छठ पर्व की तैयारियों में जुटे पार्षद रामगोपाल पाल, ट्रांसपोर्ट नगर हनुमान मंदिर के पास सफाई अभियान तेज
टीन शेड निर्माण से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा, नगर निगम और वार्डवासियों के सहयोग से अंतिम चरण में तैयारियां

सिंगरौली। आगामी छठ पर्व को लेकर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 45 में तैयारियां तेज हो गई हैं। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास छठ पूजा स्थल पर साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्षद रामगोपाल पाल स्वयं तैयारियों में जुटे हुए हैं और नगर निगम के सहयोग से व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
छठ पर्व को देखते हुए पूजा स्थल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम कर्मचारियों और वार्डवासियों के सहयोग से साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पार्षद रामगोपाल पाल ने बताया कि पिछले वर्ष छठ पूजा स्थल पर टीन शेड की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन इस वर्ष नगर निगम के सौजन्य से टीन शेड का निर्माण कराया गया है। इससे छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी विमल म्यूजिक ग्रुप द्वारा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पार्षद ने सभी नगरवासियों को दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पर्व को सफल बनाने के लिए सभी वार्डवासियों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।











