धनतेरस एवं दीपावली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत वितरण कंपनी शहर संभाग की विशेष तैयारी, छह अतिरिक्त टीमें तैनात
सिंगरौली । धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान शहर संभाग बैढ़न क्षेत्र में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यपालन अभियंता श्री दिनकर दुबे के निर्देशन में आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी निर्धारित की गई है तथा विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी एवं त्वरित सुधार कार्य के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं।
धनतेरस के अवसर पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बैढ़न शहर क्षेत्र में चार अतिरिक्त विद्युत सुधार टीमें गठित की गई हैं। इनमें पहली टीम विंध्यनगर क्षेत्र, दूसरी टीम बैढ़न तुलसी मार्ग एवं अंबेडकर चौक क्षेत्र, तीसरी टीम माजन मोड़ एवं नवानगर क्षेत्र तथा चौथी टीम बैढ़न शहर क्षेत्र में तैनात की गई है। इन टीमों का नेतृत्व सहायक अभियंता श्री प्रभाकर सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। वहीं कनिष्ठ अभियंता श्री जसप्रीत सिंह सहित विद्युत अमला क्षेत्र में सक्रिय रहकर विद्युत व्यवस्था की निगरानी करेगा।
इसी प्रकार मोरवा क्षेत्र में भी विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए दो अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं, जिनका नेतृत्व सहायक अभियंता श्री लालकृष्ण वैश्य द्वारा किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नवजीवन विहार, सिंगरौलिया सहित विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों एवं क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
जारी विभागीय आदेश के अनुसार धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक निर्धारित की गई है। सभी टीमों को निर्देशित किया गया है कि विद्युत व्यवधान की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य करें, ताकि त्योहार के दौरान आम नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्युत व्यवधान की सूचना इन नंबरों पर दें
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा व्यवधान होने पर तत्काल विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 अथवा विभागीय मोबाइल नंबर 8989989417 एवं 8989989418 पर सूचना दें, जिससे संबंधित क्षेत्र की टीम को तत्काल सूचित कर विद्युत व्यवस्था बहाल की जा सके।
कार्यपालन अभियंता श्री दिनकर दुबे ने कहा कि धनतेरस एवं दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।












