सीमेंट लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुकान में घुसा, कई वाहन क्षतिग्रस्त
सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर देवसर के सहुआर मोड़ में हादसे के बाद बाजार में मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस

सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर देवसर बाजार के सहुआर मोड़ में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार सीमेंट से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रही कार समेत कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रेलर पलटते हुए सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा।
हादसे के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटनास्थल पर सीमेंट की बोरियां बिखर गईं, वहीं कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेलर के दुकान में घुसने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही देवसर थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभालते हुए घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रित करने की कार्रवाई की।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।











