मध्य प्रदेशसिंगरौली

नीरज द्विवेदी ने ऑल इंडिया बार परीक्षा में पाई सफलता

कटौली गांव के बेटे ने बढ़ाया सिंगरौली का मान, अब देशभर में वकालत के लिए अधिकृत

सिंगरौली। प्रतिभा, परिश्रम और परिवार के सहयोग से सीमित संसाधनों के बीच भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। इसका प्रेरक उदाहरण सिंगरौली जिले के कटौली गांव निवासी नीरज द्विवेदी ने प्रस्तुत किया है। नीरज ने ऑल इंडिया बार परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
घोषित परिणाम के अनुसार परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद नीरज द्विवेदी अब अखिल भारतीय स्तर पर किसी भी न्यायालय में वकालत करने के लिए अधिकृत हो गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से गांव और जिले में हर्ष का माहौल है।

नीरज के पिता रामअवध द्विवेदी किसान हैं, जबकि माता गीता द्विवेदी गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद माता-पिता ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है।

अपनी सफलता के बारे में नीरज ने बताया कि उन्होंने अनुशासन, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पिता के संघर्ष, माता के आशीर्वाद के साथ-साथ चाचा बैकुंठ दुबे एवं चाची तारा दुबे के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया।नीरज की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह है। उन्होंने बताया कि आगे वे न्यायिक सेवा (ज्यूडिशरी) की तैयारी कर देश की न्याय व्यवस्था में योगदान देना चाहते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button