अवैध रेत परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त

सिंगरैली-थाना जियावन पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी देवसर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जियावन के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना नंबर के नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर अवैध रूप से लगभग 3 घन मीटर रेत का परिवहन करते पाया गया। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर चालक मोनू कोल (18 वर्ष) निवासी ग्राम अकोरी, थाना जियावन को पकड़ा।
रेत की अनुमानित कीमत लगभग 5000 रुपये बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खनिज अधिनियम की धारा 4/21 एवं एमवी एक्ट 51/177 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप पुलिस अधिकारी रोशनी कुर्मी, एएसआई शेषनारायण दुबे, प्रधान आरक्षक उमेश रावत, आशीष कुमार दिवेदी, आरक्षक खुम सिंह एवं सदन कुमार की सराहनीय भूमिका रही।













