नौगढ़ प्रीमियर लीग (एनपीएल-26) में फ्रेंडशिप मुकाबलों का रोमांच, एनपीएल कमेटी फाइनल में पहुंची

सिंगरौली। नौगढ़ प्रीमियर लीग (एनपीएल-26) क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ 9 जनवरी को हुआ था। टूर्नामेंट के तहत आयोजित फ्रेंडशिप मैचों में आज खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिनभर चले तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एनपीएल कमेटी की टीम ने लगातार जीत दर्ज कर फ्रेंडशिप फाइनल में प्रवेश कर लिया।
यह टूर्नामेंट वार्ड 45 नौगढ़ के पार्षद एवं एनपीएल अध्यक्ष रामगोपाल पाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। आज के मैचों में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम सिंगरौली के स्वच्छता प्रमुख आशीष शुक्ला, विपिन द्विवेदी, बैढ़न क्रीड़ा प्रभारी बवाली तिवारी, परमसुख दास, फिलिंग स्टेशन संचालक पंकज बैस, लक्ष्मण बैस, सुनील कुशवाहा ‘धोनी-07Ó, दयानंद बैस एवं अर्पित सिंह उपस्थित रहे।
दिन का पहला मुकाबला एनपीएल कमेटी और स्वतंत्र समाज सेवा समिति के बीच खेला गया, जिसमें एनपीएल कमेटी ने 10 ओवर में 153 रन बनाकर 107 रन पर विरोधी टीम को रोक दिया। दूसरा मुकाबला अदानी फाउंडेशन और राजस्व-11 के बीच हुआ, जिसमें राजस्व-11 ने लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। तीसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एनपीएल कमेटी ने राजस्व-11 को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
आयोजकों ने बताया कि 19 जनवरी को फ्रेंडशिप फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। मैचों के दौरान कमेंट्री, अंपायरिंग, ऑनलाइन स्कोरिंग और लाइव प्रसारण की जिम्मेदारी विभिन्न खेल प्रेमियों ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों और नौगढ़ ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।













