मध्य प्रदेशसिंगरौली

भाजपा ने फूंका कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया का पुतला

अनुसूचित वर्ग की लड़कियों एवं महिलाओं को लेकर की थी अभद्र टिप्पणी

सिंगरौली; कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया ने विगत दिनों अनुसूचित वर्ग की महिलाओं और लड़कियों को लेकर‌ अभद्र टिप्पणी की थी। फूल सिंह बरैया ने रुद्रयामल तंत्र नाम के धर्मग्रंथ का हवाला देते हुए कहा कि इसमें वर्णित है कि अनुसूचित वर्ग की कन्या से सहवास करने पर काशी तीर्थ का फल मिलता है इसी कारण हरिजन और आदिवासी लड़कियों का बलात्कार बहुत ज्यादा होते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह कहा था कि अतिसुंदर स्त्री को देख कर किसी का भी मन विचलित हो सकता है और रेप जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

फूल सिंह के इस बयान की चौतरफा थू थू हो रही है और महिलाओं मे इस बयान को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है। भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली ने कांग्रेस विधायक के इस कृत्य पर अपना आक्रोश प्रकट करते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया तथा फूल सिंह का पुतला फूंककर आक्रोश व्यक्त किया। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष सिंगरौली के नेतृत्व मे तथा पंचायत विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी की विशेष उपस्थिति में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जायसवाल एवं मोर्चा पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा अंबेडकर चौक पर फूल सिंह बरैया का पुतला दहन किया तथा तत्काल प्रभाव से उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने एवं कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि फूल सिंह बरैया की मानसिक स्थिति संतुलित नहीं है और उनकी मानसिकता भी महिला एवं दलित विरोधी है। स्वयं दलित समाज का प्रतिनिधित्व करने वाला और दो बेटियों का पिता ऐसी घृणित बात कहे ये समझ से परे है। कांग्रेस अगर ऐसे विधायक पर कार्रवाई नहीं करती तो कांग्रेस भी महिला और दलित विरोधी मानी जायेगी। भाजपा नेताओं ने कहा किऐसे लोग समाज पर कलंक की तरह हैं जो सार्वजनिक रूप से ऐसी बातें कर रहे हैं इनको समाज से बहिष्कृत कर देना चाहिए और दलित समुदाय को इनसे दूरी बनानी चाहिए।

विरोध प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष विनोद चौबे ,प्रदीप शाह ,जिला महामंत्री विक्रम सिंह ,जिला मंत्री संदीप झा ,जिला कार्यालय मंत्री विजय वैश्य , वरिष्ठ नेत्री मधु झा ,किरण सोनी ,वरिष्ठ नेता नरेश शाह ,पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य ,मंडल अध्यक्ष द्वयसौरभ गुप्ता ,नीरज पांडेय वरिष्ठ कार्यकर्ता ज्योति चौरसिया,कुसुम शाह,सत्यभामा सिंह,देवमती बंसल उपस्थित रहीं।

Author

Related Articles

Back to top button