कचनी मोहल्ले में नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सिंगरौली: सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के कचनी मोहल्ले में मंगलवार रात एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पंकज सोनी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के अनुसार, 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी पंकज सोनी ने उसे पैसे का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। नाबालिग के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद मोहल्ले के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी और मोहल्ले के लोगों के बीच हाथापाई भी हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस ने वीडियो और पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और वीडियो फुटेज को भी साक्ष्य के तौर पर खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













