एनसीएल ने डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसाइटी के साथ एमओयू का किया विस्तारीकरण
सिंगरौली क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम

सिंगरौली। दूरस्थ सिंगरौली परिक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और किफायती शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देश की मिनीरत्न कोयला कंपनी एनसीएल ने डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसाइटी, नई दिल्ली के साथ अपने एमओयू को आगामी 15 वर्षों के लिए विस्तारित किया है।
वर्तमान में एनसीएल सिंगरौली परिक्षेत्र में 8 डीएवी स्कूल, 2 केंद्रीय विद्यालय और 1 डीपीएस विद्यालय को वित्तीय सहायता प्रदान कर उनका संचालन सुनिश्चित कर रही है। इन विद्यालयों में 13 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या परिधीय और स्थानीय समुदाय से जुड़े छात्रों की है। एनसीएल का यह प्रयास क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
एमओयू विस्तारीकरण के अवसर पर एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)मनीष कुमार ने कहा कि सिंगरौली जैसे दूरस्थ क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वसुलभ बनाना एनसीएल की प्राथमिकता रही है। डीएवी के साथ एमओयू का विस्तार इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ उनके सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा मिलेगी।इस एमओयू के अंतर्गत एनसीएल द्वारा आगामी 15 वर्षों तक उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश स्थित अपनी परियोजनाओं में संचालित 8 डीएवी विद्यालयों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इससे विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेलकूद सुविधाएं और अन्य शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ किया जाएगा।एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राजेश त्रिवेदी तथा डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसाइटी की ओर से महासचिव अजय सूरी ने हस्ताक्षर किए। यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत आधार स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।













