मध्य प्रदेशसिंगरौली

महदेईया गांव में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया

सिंगरौली।मोरवा थाना क्षेत्र के महदेईया गांव में शनिवार को प्रशासन ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। दुधमनिया तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से शासकीय जमीन पर बने पांच अवैध मकानों को ढहा दिया। यह भूमि पहले से ही महावीर कोल वॉशरी कंपनी को आवंटित थी, इसके बावजूद कुछ लोगों ने यहां बिना अनुमति के मकान बनाकर कब्जा कर लिया था।

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमणकारियों को लगभग एक माह पूर्व नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मोरवा थाना पुलिस का बल मौके पर तैनात रहा।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि वे लंबे समय से वहीं रह रहे हैं और उनके पास रहने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नहीं है। अधिकारियों ने मौके पर ही उन्हें समझाइश दी कि संबंधित भूमि शासकीय है और कंपनी को आवंटित होने के कारण यहां किया गया निर्माण अवैध है।

तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों में एक व्यक्ति ऐसा भी था जिसके पास निजी भूमि नहीं है। हालांकि उसका मकान भी शासकीय भूमि पर होने के कारण हटाया गया, लेकिन उसे आवेदन करने पर शासन की आवास और पट्टा योजना के अंतर्गत सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिले में ऐसे अन्य चिन्हित स्थानों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण से बचें और नियमों का पालन करें।

Author

Related Articles

Back to top button