परसौना-माड़ा और परसौना-बरगवां फोरलेन सड़क निर्माण को मिली हरी झंडी
अनुपूरक बजट में प्रदेश सरकार ने दी स्वीकृति

सिंगरौली (वैढ़न)। परसौना से माड़ा और परसौना से बरगवां तक फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। मंगलवार को विधानसभा में पेश किए गए अनुपूरक बजट में प्रदेश सरकार ने दोनों प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए भारी भरकम राशि स्वीकृत की है।
परसौना से माड़ा तक 24 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए 145 करोड़ रुपये, जबकि परसौना से बरगवां तक 27 किलोमीटर सड़क के लिए 139 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों मार्गों को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार उठाई जा रही थी।
पिछले वर्ष एनसीएल ग्राउंड वैढ़न में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इन सड़कों के निर्माण की मांग रखी थी। इसके बाद सरई में हुई सभा में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने भी मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया था। जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री द्वारा दोनों फोरलेन परियोजनाओं की घोषणा की गई थी, जो अब बजट स्वीकृति के बाद साकार होने जा रही है।
अन्य सड़कों के निर्माण को भी मिली मंजूरी
अनुपूरक बजट में जिले की अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए भी भारी राशि स्वीकृत की गई है। इनमें—
चितरंगी से गढ़वा मार्ग – 676 करोड़
कोल्हुआ से खुनआ वाया गजरा बहरा – 893 करोड़
हरफरी से धानी खैरा मिसिरगवां मार्ग – 780 करोड़
रैला कनपुरा वाया बेतरिया – 573 करोड़
पुरैल छादा से देवरा रेलवे स्टेशन तक – 186 करोड़
रामाधार वैश्य के घर से शिवपहरी बहरा – 165 करोड़
हटका नाला से राजेंद्र पांडेय के घर तक पहुंच मार्ग – 223 करोड़
सिलफोरी से खैरचन – 299 करोड़
पिपरा बरहटी से भौड़ार-छांदा – 176 करोड़
देवसर टाउन मार्ग – 226 करोड़
डोडकी से नगौरा मार्ग – 180 करोड़
झारा से धनवाही मार्ग – 100 करोड़
देवसर से लहिया मार्ग – 100 करोड़
इन सभी परियोजनाओं की स्वीकृति के बाद जिले में सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। क्षेत्र के विकास, यातायात सुविधा और औद्योगिक गतिविधियों को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है।













