अभ्यारण्य में माफिया का आतंक, वन अमला बेखबर
बगदरा क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध उत्खनन

सिंगरौली। संजय नेशनल पार्क अभ्यारण्य के बगदरा क्षेत्र में अवैध उत्खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। माची व जगमार बीट में भारी मशीनों और ट्रैक्टरों से खुलेआम मुरूम निकाला जा रहा है, जबकि यह पूरा इलाका संरक्षित श्रेणी में आता है और काले मृगों का सुरक्षित आवास माना जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद वन अमला कार्रवाई नहीं कर रहा और खनन माफिया बेखौफ नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। चर्चाएं यहां तक हैं कि ठेकेदार और वन अमले की सांठगांठ के चलते उत्खनन मुख्य सड़कों के आसपास भी बेरोकटोक जारी है।
ग्रामीणों व पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि उत्खनन के कारण पेड़ कट रहे हैं, जैवविविधता नष्ट हो रही है और वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास खतरे में है। कई पंचायतो के प्रतिनिधियों ने वन अमले पर दोहरी नीति अपनाने के आरोप लगाए—जहाँ से लाभ मिलता है, वहाँ उत्खनन पर कोई रोक नहीं, लेकिन विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी की जाती हैं।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि माफियाओं के साथ-साथ लापरवाह अधिकारियों पर भी कठोर कार्रवाई हो, अन्यथा आने वाली पीढ़ियों को यह अभ्यारण्य सिर्फ कहानी बनकर रह जाएगा।













