मध्य प्रदेश

मंडला में भीषण सड़क हादसा: तीन की मौत, एक घायल, हाईवे पर मचा कोहराम

भोपाल-मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 1 बजे नेशनल हाईवे-30 पर अंजनिया बाईपास के अहमदपुर चौराहे के पास हुआ।रायपुर की ओर से सरिया लेकर आ रहा एक ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटे हुए ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप और आसपास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में माहिष्मती ढाबा के संचालक शीतल गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा पिकअप में सवार एक व्यक्ति और ट्रक में मौजूद करीब 11 वर्षीय बच्चे की भी जान चली गई।

हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अंजनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शवों की पहचान करना शुरुआत में मुश्किल हो गया, जिससे पुलिस को मृतकों की सही संख्या तय करने में समय लगा।

अंजनिया चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा के अनुसार, ट्रक चालक एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी पिकअप दिखाई दी, जिसमें मटर लोड की जा रही थी। पिकअप से टकराव से बचने के प्रयास में ट्रक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक ढाबा संचालक को टक्कर मारते हुए पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक काफी दूरी तक घिसटता चला गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रही है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button